
नई दिल्ली। भारत की सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात ड्रग तस्कर और दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को तुर्किये से गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के तहत उसे इस्तांबुल से पकड़ा गया और मंगलवार तड़के विशेष विमान से नई दिल्ली लाया गया।
सलीम डोला के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था, जिसे भारत की एजेंसियों के अनुरोध पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने सक्रिय करवाया था। दिल्ली पहुंचने के बाद उसे खुफिया एजेंसियों ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आगे की जांच के लिए उसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा जाएगा।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, डोला करीब 5000 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का अहम हिस्सा था। यह नेटवर्क नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध वित्तीय गतिविधियों से जुड़ा हुआ था, जिसके जरिए देश विरोधी गतिविधियों को भी फंडिंग होने की आशंका जताई जा रही है।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ड्रग तस्करी के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और अब अपराधियों के लिए कहीं भी छिपना आसान नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में इस नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। जून 2025 में सलीम डोला के बेटे ताहिर डोला को भी संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया था। इसके अलावा उसके एक अन्य सहयोगी को भी दुबई से प्रत्यर्पित किया गया था।
एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के जरिए जुटाई गई रकम का इस्तेमाल देश की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में किया जाता था, जिससे यह मामला सिर्फ ड्रग तस्करी ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
Leave A Reviews