
पंजाब में अंबाला-अमृतसर रेल फ्रेट कॉरिडोर पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब राजपुरा-शंभू रेल सेक्शन के पास IED धमाका हुआ। यह घटना सुनसान इलाके में हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह सिर्फ विस्फोट नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर बम धमाका करने की कोशिश थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
घटनास्थल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है, जिसके चिथड़े उड़ गए थे। पुलिस का मानना है कि यह वही व्यक्ति हो सकता है जो धमाका करने आया था और विस्फोट के दौरान खुद ही मारा गया। शव के पास से पगड़ी और अन्य अवशेष भी मिले हैं, जिनके आधार पर पहचान की कोशिश जारी है।
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि यह “लो इंटेंसिटी एक्सप्लोजन” था, लेकिन इसके पीछे बड़ी साजिश की आशंका है। उन्होंने कहा कि मौके से सिम कार्ड सहित कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से उत्तर प्रदेश और हरियाणा नंबर की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस इलाके की भौगोलिक स्थिति और सुनसान माहौल को देखते हुए इसे साजिश के लिए चुना गया हो सकता है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही अज्ञात ईमेल के जरिए पंजाब और हरियाणा में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके बाद यह घटना सामने आई। अब केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गई हैं और पूरे मामले को आतंकी साजिश के एंगल से देखा जा रहा है।
Leave A Reviews