
तेंदूखेड़ा, देशबंधु। तहसील क्षेत्र में संचालित कुछ दवाखानों, क्लीनिकों एवं उपचार केंद्रों में चिकित्सकीय योग्यता और पंजीयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर आवश्यक योग्यता और वैध पंजीयन के बिना लोगों का उपचार किया जा रहा है।
वहीं कुछ जगहों पर झाड़-फूंक के माध्यम से उपचार किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग से पूरे तहसील क्षेत्र में एक साथ व्यापक, निष्पक्ष एवं जमीनी जांच कराने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि जांच किसी एक दवाखाने या उपचार केंद्र तक सीमित न रहकर तहसील क्षेत्र में संचालित सभी संदिग्ध दवाखानों, क्लीनिकों एवं उपचार केंद्रों के दस्तावेज, पंजीयन और उपचार करने वाले व्यक्तियों की चिकित्सकीय योग्यता की जांच के रूप में की जाए।
लोगों का कहना है कि जांच केवल औपचारिकता या खानापूर्ति न होकर बिना आवश्यक योग्यता के उपचार, बिना पंजीयन संचालन अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे तहसील क्षेत्र में दवाखानों एवं उपचार केंद्रों की व्यापक जांच कर उनकी वैधता और चिकित्सकीय योग्यता की पुष्टि की जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इस तरह की प्रभावी कार्रवाई से झोलाछाप इलाज पर अंकुश लगेगा और आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ होने वाले खिलवाड़ को रोका जा सकेगा।
Leave A Reviews