नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में हुई लूट और हत्या की वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें मृतक की भतीजी भी शामिल है। वहीं चौथा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
![]()
नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में हुई लूट और हत्या की वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें मृतक की भतीजी भी शामिल है। वहीं चौथा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह मामला 1 सितंबर को रात 8:14 बजे सामने आया, जब सेक्टर-3, रोहिणी के मकान नंबर जी-30/67-68 से घर में चोरी और एक व्यक्ति के बेहोश होने की पीसीआर कॉल मिली थी।
पीड़ित की पहचान करीब 60 साल के राकेश खन्ना के रूप में हुई है। परिवार के लोग उन्हें जयपुर गोल्डन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह ऑपरेशन स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर, जोन-I) देवेश चंद्र श्रीवास्तव और जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, नॉर्दर्न रेंज, विजय सिंह की निगरानी में चलाया गया। रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में कई टीमों को लगाया गया था।
पीसीआर कॉल के बाद डीसीपी और एडिशनल डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस टीमें तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचीं। लोकल पुलिस टीम ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एपएसएल) और क्राइम टीम के साथ मिलकर मौके का निरीक्षण किया।
शुरुआती जांच में पता चला कि शाम करीब 7:30 बजे तीन लोग घर में घुसे, जबकि चौथा साथी बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। रेकी 30 अगस्त को, यानी घटना से दो दिन पहले की गई थी।
बताया जा रहा है कि घर से करीब 1.5 लाख रुपए कैश और कुछ सोने के गहने लूटे गए थे। पुलिस ने करीब 70,000 रुपए कैश के साथ लूटे गए सोने के कुछ गहने बरामद कर लिए हैं।
जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान सिमरन तनेजा, चिराग और पारस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 23 साल की सिमरन तनेजा, जो मृतक की भतीजी है, इस साजिश की मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार तनेजा, दलीप तनेजा की बेटी है और बुराड़ी की रहने वाली है। वह प्राइमरी स्कूल टीचर के तौर पर काम करती है। दूसरा आरोपी 22 साल का चिराग है, जो अवधेश का बेटा है और बुराड़ी के बाबा कॉलोनी में द बीस्ट जिम में जिम ट्रेनर है।
तीसरा आरोपी 19 साल का पारस है, जो अनिल कुमार का बेटा और बाबा कॉलोनी का रहने वाला है। वह 12वीं का छात्र है। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी मुखर्जी नगर थाने में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है।
चौथे आरोपी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो जिम मालिक है और बुराड़ी का रहने वाला है। वह फिलहाल फरार है। पुलिस टीमें उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि हर आरोपी की भूमिका और घटना के पूरे क्रम का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
Leave A Reviews