
डिंडौरी: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली विवाद के चलते दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी की सुतली से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। शाहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है और दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
शराब के नशे में शुरू हुई थी तकरार थाना प्रभारी केवल सिंह परते के अनुसार, मृतक गुलशन और आरोपी भाग सिंह व राकेश सिंह तीनों एक ही गांव देवरा के निवासी थे और साथ में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर काम करते थे। घटना वाले दिन तीनों अनूपपुर से काम निपटाकर लौट रहे थे। रास्ते में तीनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया।
घर ले जाकर की हत्या, फिर खेत में फेंका शव पुलिस जांच में सामने आया कि मारपीट के बाद आरोपी गुलशन को जबरन अपने घर ले आए। यहाँ फिर से विवाद भड़क उठा और गुस्से में आकर भाग सिंह और राकेश सिंह ने सुतली (रस्सी) से गुलशन का गला घोंट दिया। दम घुटने के कारण गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने शव को विचारपुर के पास एक खेत के किनारे फेंक दिया ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पुलिस की मुस्तैदी से पकड़े गए आरोपी बीते 3 अप्रैल को खेत में अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने सघन जांच शुरू की थी। संदेह के आधार पर जब गुलशन के साथियों से कड़ी पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP20ZB1051) और हत्या में इस्तेमाल की गई सुतली व रस्सी बरामद कर ली है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Leave A Reviews