
डिंडोरी जिले के मेहदवानी वन परिक्षेत्र अंतर्गत डोभी गांव में बुधवार सुबह एक जंगली हाथी ने किसान पर अचानक हमला कर दिया। खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय मंगल सिंह परस्ते को हाथी ने सूंड़ से पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके हाथ-पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को विभागीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहदवानी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल किसान के बेटे गोपाल सिंह परस्ते के अनुसार, वह पास ही मवेशी चरा रहे थे जबकि उनके पिता खेत में कृषि कार्य में जुटे थे। उसी समय एक जंगली हाथी खेत के पिछले हिस्से में लगी धान की फसल खा रहा था। किसान जब तक कुछ समझ पाते या वहां से भागने की कोशिश करते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिसके बाद हाथी आगे बढ़ गया। वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई।
शहपुरा के एसडीओ सुनील अशोक ने जानकारी दी कि यह हाथी दो दिन पहले मंडला जिले की टिकरिया रेंज के जंगलों से भटककर इस क्षेत्र में आया है। हाथी की आमद की सूचना मिलते ही जंगल से सटे सीमावर्ती गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था। वन विभाग का विशेष दस्ता दिन और रात लगातार गश्त कर हाथी के मूवमेंट पर नजर रख रहा है।
Leave A Reviews