
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे जंगल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल की शिवनी बीट में शुक्रवार सुबह एक दो दांतों वाले हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सीमा से लगे डडिंया गांव के जंगल में हुई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है।
मृतक की पहचान त्रिलोचन सिंह के रूप में हुई है। वे सुबह करीब 4 बजे महुआ बीनने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वनरक्षक और पंचायत प्रतिनिधियों ने हालात का जायजा लिया, वहीं पुलिस को भी सूचना दी गई। यह इलाका Anuppur जिले के जैतहरी वन क्षेत्र के करीब स्थित है, जिससे मध्य प्रदेश के ग्रामीणों में भी डर का माहौल है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह हाथी कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ से निकलकर इस इलाके में पहुंचा था और फिलहाल डडिंया के जंगल में ही मौजूद है। आशंका जताई जा रही है कि वह आगे अनूपपुर वन क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे दिन या रात में जंगल में महुआ बीनने, लकड़ी काटने या अन्य किसी काम के लिए न जाएं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह हाथी पहले अपने झुंड से बिछड़ गया था और अब अपने साथियों की तलाश में भटक रहा है। संभावना है कि वह फिर से अपने झुंड या साथियों की ओर लौटने की कोशिश करे, जिससे उसके व्यवहार में आक्रामकता बढ़ सकती है।
वन विभाग लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Leave A Reviews