Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मथुरा में 'फरसा वाले बाबा' की सड़क हादसे में मौत: कोहरे के कारण ट्रक ने मारी टक्कर, इलाके में भारी तनाव

मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 'फरसा वाले बाबा' के नाम से विख्यात गौ-रक्षक चंद्रशेखर की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत के बाद भारी बवाल खड़ा हो गया है। कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर इलाके में बीती रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुए इस हादसे की खबर जैसे ही फैली, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन की टीमों पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को रबर की गोलियां चलानी पड़ीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रात के समय घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा ने शक के आधार पर एक कंटेनर को रुकवाया था। जब वे कंटेनर की जांच कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक तेज रफ्तार ट्रक ने कोहरे के कारण उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें इसे गौ-तस्करों द्वारा की गई हत्या बताया जा रहा था। जांच में पाया गया कि जिस कंटेनर को बाबा ने रोका था उसमें किराने का सामान था और टक्कर मारने वाले ट्रक में तार लदे हुए थे।

हादसे के बाद फैली अफवाहों ने आग में घी का काम किया, जिससे दिल्ली-आगरा हाईवे रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। जाम में हजारों वाहन और कई विदेशी पर्यटक घंटों फंसे रहे। उग्र भीड़ ने मौके पर पहुंचे एडीएम प्रशासन की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस बल पर जमकर पत्थरबाजी की। बिगड़ते हालात को देखते हुए डीआईजी सहित भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। फिलहाल हाईवे को खुलवा लिया गया है, लेकिन इलाके में अभी भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक और परिचालक राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं। घायल चालक पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उपचाराधीन है। एसएसपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर उन उपद्रवियों की पहचान कर रही है जिन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया और पुलिस पर हमला किया। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पीएसी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Share:

Leave A Reviews

Related News