
जबलपुर। बेटी को कथित तौर पर परेशान करने का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने रास्ते में रोककर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घायल पिता को उनकी 22 वर्षीय छोटी बेटी रात करीब एक बजे लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची। युवती ने आरोप लगाया कि संबंधित युवकों के खिलाफ पहले भी चार बार शिकायत और एफआईआर दर्ज कराई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। युवती ने आरोपियों में से एक की बहन के पुलिस विभाग में टीआई होने का हवाला देते हुए पुलिस पर दबाव में कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया है।
घटना शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हाउसिंग बोर्ड निवासी हीरालाल साहनी मुकादमगंज से दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में इलाके के रहने वाले हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद उनकी बेटी उन्हें लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी बड़ी बहन की हेमंत सिंह राजपूत से दोस्ती थी। बाद में जब बहन ने उससे बातचीत बंद कर दी तो वह कथित तौर पर उसे परेशान और धमकाने लगा। युवती का आरोप है कि बातचीत से इनकार करने पर उसकी बहन के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, परिवार को डराने के लिए घर के सामने बम फेंकने की घटना भी हुई थी।
युवती के मुताबिक, लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से उसकी बड़ी बहन मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। आरोप है कि उसने एक बार फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी। परिवार का कहना है कि लंबे समय से इस विवाद को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
पीड़ित परिवार की छोटी बेटी ने सिविल लाइन पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह आरोपियों के खिलाफ अब तक चार बार एफआईआर दर्ज करा चुकी है, लेकिन हर बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। युवती ने दावा किया कि आरोपी हेमंत की बहन कंचन सिंह राजपूत पुलिस विभाग में टीआई के पद पर पदस्थ हैं। इसी वजह से पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
युवती ने यह भी बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसके भाई मोहित साहनी पर भी हेमंत और उसके साथियों ने हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया था। परिवार का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण वे डर के माहौल में जी रहे हैं।
सीएसपी सोनू कुर्मी के मुताबिक, घायल हीरालाल साहनी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि युवती की ओर से पहले की गई शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी जुटाई जाएगी। यदि पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई है तो इस पहलू की भी जांच कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुराने मामलों में कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Leave A Reviews