
उज्जैन. धर्मनगरी उज्जैन के प्रसिद्ध रामघाट पर रविवार शाम को श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। यहाँ रोजाना होने वाली भव्य शिप्रा आरती के दौरान पूजन सामग्री बेचने वाली महिलाओं और पुजारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे और चप्पलें चलीं।
आरोप है कि इस दौरान पुजारियों ने आरती के भारी पीतल के दीपक भी महिलाओं की तरफ फेंके और उनसे हमला किया। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना रविवार शाम की है, जब रामघाट पर माँ शिप्रा की संध्या आरती चल रही थी। महाकाल थाना पुलिस के अनुसार, घाट पर तिलकेश्वर कॉलोनी की रहने वाली उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ फूल और दीपक बेचने का काम कर रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद पुजारी गणेश शर्मा ने उन्हें आरती के समय और स्थान पर पूजन सामग्री बेचने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते एक बड़े हिंसक रूप ले लिया।
पीड़ित महिला उमा यादव ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि:
"पुजारी गणेश शर्मा और उनके साथियों ने पहले हमारे साथ गाली-गलौज की। जब हमने इसका विरोध किया, तो गणेश शर्मा ने अपने हाथ में पकड़ी हुई भारी पीतल की जलती हुई आरती मेरे सिर पर दे मारी। बीच-बचाव करने आई मेरी मां ममता के चेहरे और नाक पर भी उसी पीतल की आरती से हमला किया गया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।"
उमा के मुताबिक, घाट पर मौजूद शिप्रा नाम की एक अन्य युवती और उनके पति सुरेश यादव ने जैसे-तैसे बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
दूसरी तरफ, पुजारियों के पक्ष से विकास शर्मा ने पुलिस को अलग कहानी बताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने महिलाओं को आरती क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधि करने से रोका, तो महिलाओं ने उग्र होकर गालियां देना और मारपीट करना शुरू कर दिया।
विकास शर्मा के अनुसार, महिलाओं द्वारा की गई धक्का-मुक्की के कारण उनके हाथ में मौजूद जलती हुई आरती अनियंत्रित होकर उन्हीं के ऊपर गिर गई, जिससे उनके हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने महिलाओं पर पुजारी गणेश शर्मा के चेहरे और पीठ पर भी हमला करने का आरोप लगाया है।
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों की तरफ से कुल तीन से चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इस बीच, घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं द्वारा बनाया गया घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पवित्र शिप्रा आरती के बाद दोनों पक्ष मर्यादा भूलकर एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला रहे हैं और पीतल के भारी दीपक व अन्य सामान हवा में तैरते नजर आ रहे हैं।
इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद रामघाट पर हड़कंप मच गया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर क्रॉस कायमी (दोनों पक्षों पर केस दर्ज) कर ली गई है। पुलिस ने वायरल हो रहे वीडियो को अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया है। चश्मदीदों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Leave A Reviews