Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर में बाबा अलाउद्दीन खां संगीत समारोह 13 नवंबर से सजेगा सुरों का भव्य मंच


मैहर की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सांगीतिक विरासत को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के लिए संस्कृति विभाग द्वारा 13 से 15 नवंबर 2026 तक माँ शारदा की पावन नगरी मैहर में बाबा अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित संगीत उत्सव को आकर्षक और ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष समारोह में शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय व्यंजन और जनभागीदारी को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।

मुख्य समारोह से ठीक एक दिन पहले 12 नवंबर से चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का आगाज होगा। इस बार आयोजन के दायरे को बढ़ाते हुए हेरिटेज वॉक और चार दिवसीय फूड फेस्टिवल को प्रमुख आकर्षण के रूप में जोड़ा गया है। फूड फेस्टिवल के जरिए आगंतुकों और संगीत प्रेमियों को मैहर के पारंपरिक खानपान और बुंदेली-बघेली व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। वहीं हेरिटेज वॉक के माध्यम से पर्यटकों को मैहर के प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराकर क्षेत्र की गौरवशाली विरासत से रूबरू कराया जाएगा।

पूर्वरंग कार्यक्रम से होगी शुरुआत, 4 नवंबर तक आवेदन

समारोह की पूर्व संध्या पर 12 नवंबर को विशेष 'पूर्वरंग' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मंच पर स्थानीय और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। पूर्वरंग में सहभागिता के इच्छुक कलाकारों से 4 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त सभी आवेदनों और दस्तावेजों की जांच एक विशेष चयन समिति द्वारा की जाएगी, जिसके बाद कलाकारों के चयन की प्रक्रिया अंतिम रूप लेगी।

प्रशासन की योजना इस आयोजन को बहुआयामी स्वरूप देने की है, जिससे संगीत साधना के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों और पर्यटन को भी सीधा संबल मिल सके।

आगंतुकों और कलाकारों के लिए विशेष प्रशासनिक प्रबंध

देश-विदेश से जुटने वाले ख्यातिप्राप्त कलाकारों और संगीत प्रेमियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन स्वास्थ्य शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, सुगम यातायात प्रबंधन तथा आवागमन के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि मैहर घराने की संगीत परंपरा को वैश्विक स्तर पर सराहा जा सके।

Date & Time : 2026-11-02 08:45:18

Share:

Leave A Reviews

Related News