Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

इंदौर में चाकू लेकर हंगामा कर रहे युवक ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती


इंदौर शहर स्थित विजयनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। किराए के कमरे में खुद को बंद कर चाकू लहराते हुए हंगामा कर रहे एक युवक ने ड्यूटी पर पहुंचे पुलिसकर्मी पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने जवान राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से गहरा वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आए और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत कई गंभीर आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डायल-112 पर मिली थी सूचना, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी टीम

विजयनगर पुलिस के अनुसार, रविवार रात डायल-112 पर श्रीराम मंदिर क्षेत्र से एक युवक द्वारा कमरे में बंद होकर उत्पाद मचाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बीट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र (पुत्र सुरेंद्र रघुवंशी), जो मूल रूप से रायसेन का निवासी है और इंदौर में किराए के मकान में रहता है, हाथ में धारदार चाकू लेकर कमरे में बंद था और जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को भाग जाने की धमकी दे रहा था।

पुलिस दल ने पहले बाहर से संवाद स्थापित कर जितेंद्र को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसने दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। उस दौरान मौके पर उपस्थित आरोपी की बहन पूजा ने भी अपने भाई को समझाने की कोशिश की, परंतु आरोपी ने अपनी बहन को भी चाकू दिखाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

घेराबंदी के दौरान किया पीठ पर वार, आरोपी हिरासत में

जब पुलिसकर्मियों ने किसी अनहोनी को टालने के लिए जितेंद्र को चारों तरफ से घेरकर काबू करने का प्रयास किया, तभी उसने अप्रत्याशित रूप से पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया।

हमले के बावजूद साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसके हाथ से हथियार छीन लिया। इसके बाद घायल जवान को बिना देर किए तत्काल मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

Date & Time : 2026-11-02 09:39:28

Share:

Leave A Reviews

Related News