Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गुना में 10 वर्षीय बच्चे का अपहरण, जंगल में पेड़ से बांधकर पीटा


गुना जिले से एक बेहद गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। कैंट थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति पर 10 वर्षीय मासूम बालक को बहला-फुसलाकर टमटम में बैठाने, हड्डीमिल के जंगल में ले जाकर पेड़ से बांधने और करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।

पीड़ित बालक ने अत्यंत सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। रात में आरोपी के शराब के नशे में सो जाने के बाद बच्चे ने दांतों से रस्सी काटी और तड़के जंगल से भागकर सुरक्षित अपनी नानी के घर पहुँच गया। परिजनों ने इस संबंध में कैंट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

स्कूल जाने के बहाने निकला था बालक, नानी के घर छोड़ने का झांसा देकर ले गया आरोपी

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, बालक शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह नानी के घर की ओर चल पड़ा। दोपहर करीब 3 बजे रास्ते में मिले एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे नानी के घर छोड़ देने का झांसा देकर टमटम में बैठा लिया। आरोपी उसे नानी के घर पहुँचाने के बजाय हड्डीमिल के घने जंगल की ओर ले गया।

जंगल में पहुँचकर आरोपी ने पहले कच्ची शराब खरीदी और फिर बच्चे को एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया। बच्चे के अनुसार, आरोपी ने बंधक बनाए रखने के दौरान उसके साथ तीन बार मारपीट की। रात भर बच्चे को बांधकर रखने के बाद जब आरोपी अत्यधिक शराब के नशे में बेसुध होकर सो गया, तब बच्चे ने रस्सी को ढीला किया और दांतों से काटकर खुद को मुक्त कराया। इसके बाद वह तड़के 4 बजे भागते हुए श्रीराम कॉलोनी स्थित अपनी नानी के घर पहुंचा।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच तेज, आरोपी की तलाश जारी

बालक के चाचा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार को जब बच्चा स्कूल के समय के बाद भी घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने उसी दिन कैंट थाने पहुँचकर गुमशुदगी और अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी।

शनिवार तड़के बच्चे के सुरक्षित नानी के घर पहुँचने के बाद पूरी वारदात का खुलासा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बच्चे के बयानों, घटनाक्रम के रूट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपी टमटम चालक की पहचान करने में जुटी है।

Date & Time : 2026-10-17 12:37:44

Share:

Leave A Reviews

Related News