
ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित पठान मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। घर के बाहर खड़ी 14 वर्षीय किशोरी राजिया पर अचानक बिजली का भारी-भरकम खंभा गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा प्राकृतिक नहीं, बल्कि पड़ोसियों की घोर लापरवाही और चेतावनी को नजरअंदाज करने का परिणाम है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतका के चाचा वसीम खान के अनुसार, उनके पड़ोसी विशाल खान, ऋतिक खान और सुहाना बेगम अपने घर की ढीली पड़ी बिजली की केबल को ठीक कर रहे थे। विशाल सीढ़ी लगाकर खंभे पर चढ़ा था, जबकि अन्य दो नीचे से सीढ़ी पकड़े हुए थे। वसीम ने उन्हें ऐसा करने से मना किया और आगाह किया कि खंभा कमजोर है, इसे मत छुओ। उन्होंने विशेष रूप से तार न काटने की चेतावनी दी थी कि इससे खंभा गिर सकता है, लेकिन पड़ोसियों ने उनकी बात अनसुनी कर दी और गाली-गलौज करते हुए तार काट दिया।
जैसे ही बिजली का तार कटा, तनाव हटने के कारण खंभा सीधे नीचे खड़ी किशोरी राजिया पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल राजिया को परिजन आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने वसीम खान की शिकायत के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मोहल्ले के लोगों में इस बात को लेकर गहरा गुस्सा है कि बिना किसी विशेषज्ञ या बिजली विभाग के कर्मचारी के, लोग खुद जोखिम भरे काम कर रहे थे, जिसकी कीमत एक मासूम बच्ची को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
Leave A Reviews