ग्वालियर। शहर से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गनीमत रही कि कुर्सी और फंदा टूटने की वजह से उसकी जान बच गई। नवविवाहिता को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कब और कैसे हुई घटना?
22 वर्षीय सपना गुर्जर की शादी 25 अप्रैल 2026 को ग्वालियर के लक्ष्मणगढ़ में रहने वाले सौरभ गुर्जर के साथ हुई थी। ससुराल में किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद सपना अपने कमरे में चली गई और फांसी लगाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि फंदा और कुर्सी टूट गई, जिससे तेज आवाज हुई और घर में मौजूद लोगों को जानकारी लग गई।
परिजनों ने बचाई जान
परिवार के सदस्य तुरंत कमरे में पहुंचे तो सपना बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी थी। परिजनों ने तुरंत उसे उठाया और नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि सपना की गर्दन में गंभीर चोट आई है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि स्थिर है।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक नवविवाहिता सपना अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। होश में आने के बाद उसके बयान लिए जाएंगे और फिर उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की है और सपना के मायके वालों को भी सूचना दे दी है। मायके वाले ग्वालियर पहुंच चुके हैं और अस्पताल में सपना की देखभाल कर रहे हैं।
अभी रहस्य बरकरार
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर शादी के दो दिन बाद ही सपना ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि अगर प्रताड़ना का मामला सामने आया तो संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नवविवाहिता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
Leave A Reviews