Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर: हनुमानताल में चाकूबाजी की घटना, एक युवक की मौत और दूसरा घायल


जबलपुर जिले अंतर्गत हनुमानताल थाना क्षेत्र में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाबा टोला स्थित शिव मंदिर और लल्लू दुकान के पास आपसी विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। धारदार चाकू से किए गए ताबड़तोड़ हमलों में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान बाबा टोला क्षेत्र निवासी सूरज चौधरी के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूरी व बेलदारी का कार्य करता था। वहीं, वारदात में भूरा नामक एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल निर्मित हो गया।

दोस्तों के साथ घूमने निकला था मृतक, शराब और कहासुनी पर बढ़ा विवाद

मृतक सूरज चौधरी के बड़े भाई शनि चौधरी ने बताया कि सूरज रोजाना की तरह अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने निकला था। इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार निकल आए और एक-दूसरे पर चाकू से जानलेवा वार किए जाने लगे।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, भूरा (उर्फ 'भैय्यो') नामक युवक द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, संघर्ष के दौरान भूरा स्वयं भी गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक रक्तस्राव होने की वजह से सूरज ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू

वारदात की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाने से सब-इंस्पेक्टर रोहिणी शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

सब-इंस्पेक्टर रोहिणी शुक्ला के अनुसार, खूनी संघर्ष की मूल वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्राथमिक दृष्टि से यह शराब के नशे में हुआ विवाद या पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और अस्पताल में भर्ती घायल व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Date & Time : 2026-09-20 13:33:43

Share:

Leave A Reviews

Related News