Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

हरदा: नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे, शताब्दी समारोह में स्मारिका का विमोचन


हरदा स्थित गोपीकृष्ण गार्डन में नार्मदीय ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट द्वारा धर्मशाला स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय भव्य शताब्दी समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर धर्मशाला की नींव रखने और समाज को एकजुट करने में महती भूमिका निभाने वाले 13 संस्थापक पूर्वजों का कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया गया।

समारोह के दूसरे व समापन दिवस पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक पदाधिकारियों का भव्य स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर 1008 ओंकारदास महाराज, करुणाधाम भोपाल के सुदेश शांडिल्य महाराज, गुरु दरबार रहटगांव के पंडित राजेश बिल्लौरे और बालीपुर धाम के योगेश महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान मप्र शासन के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, नार्मदीय ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष राजेश बड़ोले, महिला अध्यक्ष शीतल डोंगरे सहित इंदौर, भोपाल, खरगोन, खंडवा और देशभर से आए सामाजिक बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

स्मारिका 'आराध्या एक अनमोल विरासत' का विमोचन, 13 महापुरुषों के परिजन सम्मानित

कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में स्वागत उद्बोधन मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर एवं संयोजक संदीप पाराशर ने दिया। समाज के वयोवृद्ध मधुकर बिल्लौरे ने अतिथियों को शताब्दी कलश सौंपा। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नर्मदाष्टक और गायिका संदीपा पारे द्वारा गाए गए 'वंदे मातरम' ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति व आस्था से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर समाज की गौरवशाली विकास यात्रा को दर्शाती विशेष स्मारिका 'आराध्या: एक अनमोल विरासत' का विमोचन किया गया।

द्वितीय सत्र में धर्मशाला स्थापना में नींव का पत्थर बने 13 महापुरुषों के परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर शॉल-फल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विभूतियों में रामेश्वरदास गार्गव, जगन्नाथ गुहा कडोला, मुंशी दामोदर प्रसाद पाराशर, ताराचंद दीवान बंडावाला, सीताराम दीवान पानतलाई, बाबू नाथुराम बिल्लौरे तजपुरावाले, लक्ष्मीनारायण निलोबा सराफ, मुंशी लच्छीराम सवालनवीस, बाबू कुंजीलाल नांदरा, हरलाल खजांची पानतलाई, गुलाबचंद बजाज, बाबू रामकरण लाल जोशी (नागपुर) और नाथूराम धनेसर खिड़कीवाला के परिवारजन शामिल रहे।

 सामाजिक विचार मंथन: नर्मदा संरक्षण, शिक्षा और युवा करियर मार्गदर्शन का लिया संकल्प

समारोह के वैचारिक सत्र में 'संयुक्त परिवार धारणा', 'महिला सशक्तिकरण', 'हमारी विरासत हमारी पहचान' और 'सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन' जैसे विषयों पर कल्याणी काशिव, शिवानी उपरीत, संतोष साकल्ले और अशोक टेमले ने अपने विचार रखे।

मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर ने बताया कि तृतीय सत्र में समाजजनों ने वर्तमान परिवेश के अनुरूप चार प्रमुख संकल्प पारित किए—

नर्मदा संरक्षण: मां नर्मदा की स्वच्छता और तटों के पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान।

शिक्षा एवं युवा मार्गदर्शन: समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और आधुनिक करियर के लिए मार्गदर्शन केंद्र स्थापित करना।

पारिवारिक मूल्य: संयुक्त परिवार प्रणाली और सांस्कृतिक संस्कारों को अक्षुण्ण बनाए रखना।

समाजिक समरसता: रूढ़िवादिता समाप्त कर बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना।

अंतिम सत्र में ट्रस्टी राजेंद्र गुहा, संजय काशिव, ऋषि पारे, दीपक शुक्ला ने दानदाताओं व जिले की सहयोगी इकाइयों का सम्मान किया, वहीं इटारसी इकाई द्वारा ट्रस्ट पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अखिलेश पाराशर व आशीष साकल्ले ने किया तथा आभार संदीप पाराशर ने व्यक्त किया।

Date & Time : 2026-09-24 09:45:36

Share:

Leave A Reviews

Related News