Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल में हाई वोल्टेज ड्रामा, पत्नी को वापस बुलाने के लिए फूफा ने किया 1 साल के मासूम का अपहरण, जंगल की झोपड़ी से पुलिस ने छुड़ाया!

शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से अपहरण की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक फूफा ने अपनी ही पत्नी से बदला लेने के लिए अपने 1 साल के मासूम भतीजे का अपहरण कर लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से कुछ ही घंटों के भीतर मासूम को सुरक्षित बचा लिया गया।

खिलाने के बहाने ले गया और हो गया फरार: घटना मैर गांव की है। सोमवार रात करीब 9 बजे मासूम महेंद्र की मां संगीता देवी बदहवास हालत में थाने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बच्चे का फूफा उमेश सिंह उसे खिलाने के बहाने गोद में लेकर गया था, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तीन विशेष टीमों का गठन किया और रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

जंगल की झोपड़ी में मिला मासूम: मंगलवार सुबह पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी उमेश सिंह गांव से 10 किलोमीटर दूर भमरहा के जंगल में एक सुनसान झोपड़ी में छिपा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और मासूम महेंद्र को सकुशल बरामद किया। बच्चे को देखते ही उसकी मां उसे सीने से लगाकर रो पड़ी।

अपहरण के पीछे की चौंकाने वाली वजह: पुलिस पूछताछ में आरोपी उमेश ने बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके आ गई थी और वापस जाने को तैयार नहीं थी। पत्नी ने उसे अपने बच्चों से मिलने भी नहीं दिया था। इसी गुस्से में आकर उसने अपने साले के बेटे का अपहरण कर लिया ताकि वह अपने ससुराल वालों पर दबाव बना सके।

पुलिस टीम की सफलता: इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी जिया उल हक के साथ राजेंद्र द्विवेदी, नरेंद्र उपाध्याय, सुखेन्द्र और चित्रांशी शुक्ला की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Share:

Leave A Reviews

Related News