हैदराबाद, 12 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में शुक्रवार को इटली से भिड़ेगी। वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम की निगाहें अब विश्व कप क्वालिफायर को जीतने पर होंगी। भारत 3 मुकाबलों में 7 अंक के साथ पूल-बी में टॉप पर रहा।
![]()
हैदराबाद, 12 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में शुक्रवार को इटली से भिड़ेगी। वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम की निगाहें अब विश्व कप क्वालिफायर को जीतने पर होंगी। भारत 3 मुकाबलों में 7 अंक के साथ पूल-बी में टॉप पर रहा।
स्कॉटलैंड ने भी 7 प्वाइंट हासिल किए, लेकिन वह गोल अंतर में पीछे होने के कारण दूसरे नंबर पर रहा। भारतीय टीम ने पूल स्टेज में दो जीत दर्ज की, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ खेला। भारत ने अपने कैंपेन की शुरुआत उरुग्वे के खिलाफ 4-0 की जबरदस्त जीत के साथ की थी। वहीं, दूसरे मैच में भारतीय टीम ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2-2 से करीबी मुकाबला ड्रॉ खेला था। पूल स्टेज के आखिरी मैच में भारतीय टीम ने वेल्स के खिलाफ 4-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपना क्वालिफिकेशन पक्का कर लिया है। टूर्नामेंट के नियम के मुताबिक, दो क्वालिफाइंग इवेंट्स में चौथे नंबर पर रहने वाली दुनिया की सबसे ऊंची रैंक वाली टीम को वर्ल्ड कप में जगह मिलती है। क्वालिफायर्स का सैंटियागो लेग पहले खत्म हो चुका है, जहां चिली, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड ने तीन डायरेक्ट क्वालिफिकेशन स्पॉट हासिल किए थे। जापान सैंटियागो में चौथे नंबर पर रहा और अभी वर्ल्ड रैंकिंग में 15वें नंबर पर है।
9वीं विश्व रैंकिंग होने के साथ-साथ भारतीय टीम ने कम से कम यह पक्का कर लिया है कि वह चौथे स्थान पर रहते हुए दोनों टूर्नामेंट का अंत करेगी, जिससे टीम का वर्ल्ड कप का टिकट पक्का हो जाएगा। भारतीय टीम सेमीफाइनल में इटली के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी। पूल-ए में रहते हुए इटली ने एक मैच में जीत दर्ज की, जबकि एक मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, टीम ने एक मुकाबला ड्रॉ खेला।
भारतीय टीम के लिए फॉरवर्ड खिलाड़ी नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन किया है। वह टूर्नामेंट में अब तक 4 गोल कर चुकी हैं और संयुक्त रूप से टॉप स्कोरर हैं। वेल्स के खिलाफ नवनीत ने गोल की हैट्रिक लगाते हुए भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई थी। सेमीफाइनल में भी नवनीत से टीम को दमदार प्रदर्शन की आस होगी। भारत और इटली के बीच साल 2012 से अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारतीय टीम ने 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, इटली भारत के खिलाफ सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
Leave A Reviews