Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नीमच में 3 हजार की रिश्वत लेते होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट पकड़े गए


नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने गुरुवार को होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि वे नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी और पोस्टिंग देने के बदले होमगार्ड सैनिकों से हर महीने रकम मांग रहे थे। लोकायुक्त टीम ने उन्हें कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में सैनिक महेश थोरेचा से पैसे लेते पकड़ा।

सैनिक की शिकायत पर लोकायुक्त ने बिछाया जाल

महेश थोरेचा ने 10 नवंबर को लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि युवराज सिंह चौहान कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी और पोस्टिंग के बदले हर महीने 3 हजार रुपये मांग रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त एसपी ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से रिश्वत मांगने के आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को तय योजना के मुताबिक महेश थोरेचा ने जैसे ही चौहान को 3 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

सैनिक ने लगाया मानसिक शोषण का आरोप

शिकायतकर्ता महेश थोरेचा का आरोप है कि ड्यूटी और पोस्टिंग के नाम पर उनका और अन्य सैनिकों का लगातार मानसिक शोषण किया जा रहा था। इसके लिए हर महीने 3 हजार रुपये की रकम तय थी। इसी से परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त में शिकायत की थी।

लोकायुक्त निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

पांच महीने में नीमच में लोकायुक्त की दूसरी कार्रवाई

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।

टीम में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा और एलडीसी रश्मि शामिल थे।

इससे पहले 25 जून को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने नीमच में आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक राकेश राठौर और उनके साथी को रिश्वत लेते पकड़ा था। इस तरह पांच महीने के भीतर जिले में लोकायुक्त की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

Date & Time : 2026-11-12 11:46:21

Share:

Leave A Reviews

Related News