
रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम छतैनी में जन्म के तुरंत बाद एक नवजात बच्ची को झाड़ियों में लावारिस छोड़ने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को झाड़ियों में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गांव के पास से गुजर रहे ग्रामीणों को झाड़ियों की तरफ से लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे, जहां नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलते ही पनवार थाना प्रभारी कन्हैया सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बच्ची को झाड़ियों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामले में पनवार पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात बच्ची को झाड़ियों में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि बच्ची के परिजनों की पहचान की जा सके। फिलहाल बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
Leave A Reviews