
भोपाल. गांधीनगर थाना क्षेत्र के पतंजलि परिसर में मंगलवार रात एक डॉक्टर द्वारा अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके चचेरे भाई पर एयरगन से फायर करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद आरोपी डॉक्टर ने अपने घर में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. समय रहते उसके दोस्तों की नजर पड़ गई और उन्होंने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल डॉक्टर का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर की पहचान नवीन रुहेला के रूप में हुई है, जबकि महिला डॉक्टर का नाम श्वेता ठाकुर बताया गया है. दोनों एक ही कॉलोनी में अलग-अलग मकानों में रहते हैं और आरकेडीएफ में पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं. पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच करीब डेढ़ साल तक लिव-इन रिलेशनशिप रहा था. करीब छह महीने पहले दोनों अलग हो गए थे.
बताया गया है कि श्वेता सोमवार को अपने चचेरे भाई आशुतोष ठाकुर के साथ गुजरात स्थित अपने घर से भोपाल वापस आई थी. मंगलवार रात करीब 11 बजे नवीन उसके घर पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, उसने बातचीत करने के बहाने घर में प्रवेश किया. इसके बाद उसने एयरगन से श्वेता के सिर की तरफ फायर किया. वहीं उसके चचेरे भाई आशुतोष के सीने और पेट की ओर भी गोली चलाई गई.
फायरिंग की घटना के बाद आरोपी वहां से अपने घर चला गया. कुछ देर बाद उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. इसी दौरान उसके दोस्तों ने उसे देख लिया. दोस्तों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गए. डॉक्टर की हालत पर फिलहाल अस्पताल में उपचार जारी है.
इधर, फायरिंग में घायल श्वेता और आशुतोष को भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया. दोनों का उपचार किया गया और देर रात हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. पुलिस अब दोनों घायलों के बयान दर्ज कर घटना की पूरी कड़ी को समझने में जुटी है.
गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एयरगन से गोली चलाने की बात स्वीकार की है. पुलिस घटना के पीछे रहे विवाद, फायरिंग की परिस्थितियों और आरोपी द्वारा बाद में आत्महत्या का प्रयास किए जाने के कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
Leave A Reviews