
जबलपुर. रांझी थाना क्षेत्र में व्हीकल फैक्ट्री के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है. स्थानीय लोगों ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम हामिद अंसारी बताया और खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया. युवक के इस दावे के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची रांझी पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
बताया गया कि युवक को गोकलपुर क्षेत्र में रक्षा संस्थान के आसपास घूमते हुए कुछ लोगों ने देखा था. उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उसे रोककर जानकारी लेने की कोशिश की. इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर खुद को रावलपिंडी का रहने वाला बताया. मामला रक्षा प्रतिष्ठान के आसपास का होने के कारण लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को देना उचित समझा.
घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापति के मुताबिक, वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. गोकलपुर के पास उन्हें लोगों की भीड़ दिखाई दी. पास जाकर देखा तो कुछ लोग एक युवक को घेरे हुए थे. लोगों से जानकारी लेने पर युवक के पाकिस्तान से होने का दावा सामने आया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास कथित तौर पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने का आरोप भी लगाया है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस फिलहाल युवक के बयानों और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है. ऐसे में नारेबाजी के आरोप को अभी स्थानीय लोगों के दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है.
रांझी थाने के एसआई सीताराम बकोड़े ने बताया कि युवक पूछताछ के दौरान लगातार अपना नाम बदलकर बता रहा है. कभी वह खुद को शिवा बता रहा है तो कभी हामिद अंसारी नाम बता रहा है. उसके बयानों में भी लगातार बदलाव सामने आ रहा है. पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की है.
पुलिस अब युवक की वास्तविक पहचान, उसके भारत में आने की स्थिति और उसके द्वारा बताए गए पते समेत अन्य जानकारियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में रखा है और उसके दावों की पुष्टि की जा रही है.
Leave A Reviews