
सतना जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर नहर की रेलिंग में जा फंस गई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा कोटर थाना क्षेत्र में बाणसागर नहर के पास दोपहर करीब 1:15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह नहर की रेलिंग में जा अटक गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार दो यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ग्राइंडर मशीन की सहायता से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर दोनों फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया।
घटना में घायल सभी यात्रियों को कोटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त बस (MP 19 P 0614) सतना से सेमरिया की ओर जा रही थी। हादसे के कारण सतना-सेमरिया मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
Leave A Reviews