
भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 719 पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्वालियर की ओर लौट रही एक तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस भिंड में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर जा रही थी। इसी दौरान जिले के छीमका गांव के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Leave A Reviews