
ओंटारियो. कनाडा में दक्षिण एशियाई मूल के लोगों, विशेषकर सिखों के खिलाफ बढ़ते हेट क्राइम (Hate Crime) का एक और चिंताजनक मामला सामने आया है। ओंटारियो प्रांत के वुडस्टॉक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति को नस्लीय नफरत का शिकार बनाया गया। एक नकाबपोश युवक ने न केवल बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें धक्का देते हुए कनाडा छोड़कर वापस पंजाब जाने की धमकी भी दी।
यह घटना 22 अप्रैल को सुबह करीब 11:35 बजे नाइट्स लेन इलाके में टर्टल आइलैंड स्कूल के पास हुई। पीड़ित बुजुर्ग फुटपाथ पर अपनी दिनचर्या के अनुसार जा रहे थे, तभी एक मास्क पहने युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी को बुजुर्ग पर चिल्लाते हुए सुना जा सकता है। वह बार-बार पूछ रहा था, "तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो? इस सवाल का जवाब दो।"
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बुजुर्ग को घेर लिया और उन पर नस्लीय टिप्पणियां करने लगा। विवाद बढ़ते ही युवक ने बुजुर्ग को धक्का दिया और उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया।
घटना को देख रहे आसपास के लोगों ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। वुडस्टॉक पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तत्परता दिखाई और आरोपी युवक को जमीन पर गिराकर (Pin down) तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार:
आरोपी युवक ने यह कृत्य अपनी मर्जी से किया है और शुरुआती जांच में इसके पीछे किसी संगठित समूह का हाथ होने के सबूत नहीं मिले हैं।
कनाडा के निजता कानूनों के कारण फिलहाल आरोपी और पीड़ित बुजुर्ग की पहचान उजागर नहीं की गई है।
आरोपी पर नस्लीय हमले और शांति भंग करने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे पंजाबी और सिख समुदाय में भारी रोष है। समुदाय के नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय में 'एंटी-सिख हेट क्राइम' की घटनाओं में इजाफा हुआ है। हालांकि, लोगों ने वुडस्टॉक पुलिस द्वारा आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किए जाने पर संतोष जताया है और न्याय की मांग की है। पीड़ित परिवार ने अभी तक इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
Leave A Reviews