Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर के रामनगर में अवैध रेत हाईवा का कहर, महिला की मौत के बाद भी अनदेखी


मैहर। रामनगर के जिगना पेट्रोल पंप के पास अवैध रेत परिवहन करने वाले हाईवा और डंपरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क के दोनों तरफ बिना नंबर के लगे ये हाईवा रोज बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।

विगत दिनों छिरहाई निवासी महिला गंवा चुकी है जान -

सबसे दुखद बात यह है कि अभी विगत दिनों ही छिरहाई निवासी एक महिला की जिगना पेट्रोल पंप के पास ही रेत हाईवा की टक्कर से मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद भी प्रशासन और खनिज विभाग की नींद नहीं टूटी है। न तो बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाया गया, न ही अवैध परिवहन पर रोक लगी।

फोटो में दिख रही हकीकत -

तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि किस तरह मुख्य सड़क को पार्किंग बना दिया गया है। बसों, बाइक सवारों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है, वहीं बिना नंबर प्लेट के हाईवा दिन-रात दौड़ रहे हैं।

अवैध रेत का काला कारोबार -

स्थानीय लोगों के अनुसार कुबरी और सोन घड़ियाल क्षेत्र से अवैध रूप से निकाली गई रेत को यहां लाकर वैध बनाया जाता है। आरोप है कि यह पूरा कारोबार सत्ता पक्ष व विपक्ष के सफेदपोशों की मिलीभगत और खनिज विभाग के अधिकारियों की विशेष कृपा दृष्टि से बेखौफ फल-फूल रहा है। पेट्रोल पंप के आसपास इन गाड़ियों को आश्रय दिए जाने के भी आरोप हैं।

कौन करेगा कार्रवाई?

एक महिला की मौत के बाद भी जब जिला और संभाग का खनिज व राजस्व अमला खामोश है, तो सवाल उठता है कि आखिर इन खनिज माफियाओं पर लगाम कौन कसेगा?

क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर मैहर और पुलिस अधीक्षक मैहर से मांग की है कि मृतका के मामले में दोषी हाईवा चालक व मालिक पर कड़ी कार्रवाई हो, जिगना पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े सभी अवैध हाईवा-डंपरों को तत्काल हटवाया जाए और अवैध रेत के पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

Date & Time : 2026-10-29 14:06:30

Share:

Leave A Reviews

Related News