Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुरैना में बस ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, एक परिवार के 3 लोगों की मौत


मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ में नेशनल हाईवे-552 पर बस की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पीपल वाली चौकी के पास बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी और उसे 100 मीटर से ज्यादा दूरी तक घसीटती ले गई। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे और मां ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे मां, बेटा और पिता

जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय रघुराज, उनका बेटा लव कुशवाहा और 60 वर्षीय मां ल्हौरी बाइक से नंदपुरा बामसौली से करजोनी स्थित बाबू बाबा मंदिर, झुंडपुरा जा रहे थे। इसी दौरान पीपल वाली चौकी के पास उनकी बाइक बस की चपेट में आ गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस बाइक को 100 मीटर से अधिक दूरी तक घसीटती ले गई। हादसे में रघुराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा और मां गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय मां-बेटे ने तोड़ा दम

हादसे के बाद राहगीर घायल लव कुशवाहा को कैलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई।

वहीं, ल्हौरी को पहले सिविल अस्पताल सबलगढ़ और फिर जिला अस्पताल मुरैना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉ. आरएन शर्मा ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे पर पीपल वाली चौकी के पास हुआ। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

पहले ही पत्नी को खो चुके थे रघुराज

बताया गया है कि रघुराज की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। इस हादसे में पिता और दादी को खोने के बाद परिवार में अब एक बेटा और एक बेटी ही बचे हैं। एक साथ तीन परिजनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में दोनों बच्चों की देखभाल को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

Date & Time : 2026-11-12 11:35:57

Share:

Leave A Reviews

Related News