
नरसिंहपुर। स्थानीय स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (SVN PG College), नरसिंहपुर में आज एनसीसी कैडेट्स द्वारा भारतीय नौसेना दिवस (Indian Navy Day) बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। यह कार्यक्रम 1 एमपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नितिन शर्मा एवं प्रशानिक अधिकारी कर्नल शेरावत एनसीसी के निर्देशानुसार तथा महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी (ANO) लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 1 एमपी बटालियन से पीआई (PI) स्टाफ के रूप में नायब सूबेदार श्याम सिंह और हवलदार धीरेंद्र विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कैडेट्स को भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास, समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में नौसेना के योगदान और युवाओं के लिए सेना में करियर के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कैडेट्स को अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।

लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश कुमार ठाकुर ने भारतीय नौसेना के शौर्य और पराक्रम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सीनियर अंडर ऑफिसर नेहा यादव, अंडर ऑफिसर पूर्वी जाट, अंडर ऑफिसर राधेश्याम, कैडेट नितेश कुशवाहा और कैडेट गोमती लोधी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Leave A Reviews