
सतना। जिला पंचायत के सामान्य सम्मेलन में एजेंडा तय करने और विकास निधियों के आवंटन में कथित पक्षपात व अनियमितताओं को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्षी जिला पंचायत सदस्यों और सतना विधायक प्रतिनिधि रितेश त्रिपाठी ने जिला पंचायत प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। विपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक उनकी आपत्तियों का निराकरण नहीं हुआ, तो वे बुधवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे।
एजेंडे से जनहित के मुद्दे गायब होने का आरोप
मीडिया से चर्चा करते हुए सतना विधायक प्रतिनिधि रितेश त्रिपाठी ने सामान्य सम्मेलन का एजेंडा दिखाते हुए कहा कि जिला पंचायत अब भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों की 'प्राइवेट लिमिटेड कंपनी' बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन के एजेंडे में केवल दो व्यक्तियों के सवाल ही शामिल किए गए, जबकि अन्य सदस्यों के जनता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को जानबूझकर हटा दिया गया।
त्रिपाठी ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी सदस्यों के कहने पर मछली और बकरी मरने पर मुआवजे जैसे विषयों पर तो चर्चा रखी गई, लेकिन बुनियादी जनसमस्याओं को नजरअंदाज कर दिया गया।
विकास निधि के दुरुपयोग और आवाज दबाने पर नाराजगी
विपक्षी सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ और अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर भी कई गंभीर सवाल उठाए हैं:-
* शासकीय राशि का बंदरबांट: विपक्ष का आरोप है कि 15वें वित्त, डीएमएफ (DMF) और 5वें वित्त की सरकारी राशि का नियमों के विपरीत बंदरबांट किया जा रहा है।
* आदिवासी क्षेत्र की राशि दूसरे वार्ड में खर्च: सदस्यों ने आरोप लगाया कि आदिवासी सदस्यों के क्षेत्र की विकास निधि को जिला पंचायत अध्यक्ष के अनुमोदन से वार्ड क्रमांक 8 में खर्च कर दिया गया है।
* माइक बंद करने का आरोप: विपक्षी सदस्यों का कहना है कि सदन की कार्यवाही के दौरान उनका माइक बंद कर दिया जाता है। सीईओ केवल सत्ता पक्ष की बात सुनती हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष सब कुछ देखते हुए भी मूकदर्शक बने हुए हैं।
आंदोलन की तैयारी
विपक्षी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे इस मुद्दे पर मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। यदि सीईओ द्वारा मामले में टालमटोल की जाती है या उनकी मांगों को अनसुना किया जाता है, तो बुधवार से सभी विपक्षी सदस्य अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य जानवी संतोष यादव, लक्ष्मी मवासी, विमला कोल, एकता सिंह और विधायक प्रतिनिधि रितेश त्रिपाठी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Leave A Reviews