
धार। इंदौर लोकायुक्त की विशेष पुलिस स्थापना (एसपीई) टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई ग्राम सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित परिसरों पर की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि शेरसिंह ठाकुर ने अपनी 20 वर्ष की सेवा अवधि के दौरान लगभग 65 लाख रुपए वैध वेतन प्राप्त किया, जबकि इस दौरान उनके द्वारा 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की चल-अचल संपत्तियां अर्जित की गईं और खर्च किए गए। यह आंकड़ा उनकी कुल ज्ञात आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी प्रबंधक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। जांच टीमों ने सोडपुर स्थित 2400 वर्गफीट के दो मंजिला आलीशान मकान का मूल्यांकन किया है, जिसके निर्माण और भूमि पर लगभग 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा सोडपुर तिराहे पर स्थित 1350 वर्गफीट का एक व्यावसायिक भवन भी सामने आया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है।
जांच के दौरान शेरसिंह ठाकुर और उनकी पत्नी कविता के नाम पर खरीदी गई कृषि भूमि का भी ब्योरा मिला है। पीथमपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम सोडपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में और ग्राम मांडव में 2.526 हेक्टेयर जमीन 42 लाख रुपए में खरीदी गई थी। इसके साथ ही मौके से जेसीबी मशीन, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट मोटरसाइकिल और कई आधुनिक कृषि उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनका कुल मूल्य 53 लाख रुपए से अधिक आंका गया है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया की टीमें अन्य संभावित बेनामी संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
Leave A Reviews