Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल: ब्यौहारी में सोते समय 15 वर्षीय किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ


शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तगावर गांव के बिजाहरा टोला में जंगली जानवर के हमले से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी सरस्वती सिंह गोंड रात के समय अपनी बहन के साथ घर की खुली परछी में सो रही थी, जबकि मां भीतर कमरे में थीं। घर में मुख्य दरवाजा नहीं लगा होने के कारण तड़के घुसा तेंदुआ सो रही किशोरी को जबड़े में दबाकर उठा ले गया। सुबह जब साथ सो रही बहन की आंख खुली और बिस्तर खाली मिला, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

तलाश शुरू करने पर घर से कुछ दूरी पर किशोरी का कंबल पड़ा मिला, जबकि लगभग 300 मीटर दूर घनी झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर ब्यौहारी थाना प्रभारी, एसडीओपी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जंगली जानवर के हमले की पुष्टि होते ही वन विभाग की फील्ड टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शव का पंचनामा कर जांच शुरू की गई।

वन विभाग की जांच और सुरक्षा इंतजाम

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची डीएफओ तरुणा वर्मा ने पुष्टि की कि यह इलाका घने वन क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। मकान में दरवाजा न होने के चलते तेंदुआ आसानी से घर के भीतर दाखिल हो गया और सो रही किशोरी को शिकार बना लिया। मृतका के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं, जिससे घर पर मां और दो बेटियां ही मौजूद थीं।

वन विभाग ने पीड़ित परिवार को शासकीय नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इलाके में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Date & Time : 2026-11-04 08:24:02

Share:

Leave A Reviews

Related News