Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

हरदा में सूअर पकड़ने गई इंदौर की विशेष टीम पर लाठी-डंडों से हमला, वाहन में तोड़फोड़


हरदा शहर में आवारा सूअरों के बढ़ते आतंक को लेकर मिली शिकायतों के बाद कार्रवाई करने पहुंची नगर पालिका और इंदौर से बुलाई गई विशेष टीम पर बुधवार को हिंसक हमला हो गया। श्रीधाम कॉलोनी और मंगल होम्स क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान स्थानीय सूअर पालकों ने टीम पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हमले में टीम के दो कर्मचारी घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने नगर पालिका के वाहन में तोड़फोड़ कर पकड़े गए सूअरों को जबरन छुड़ा लिया।

इंदौर से बुलाई गई थी विशेष टीम, लाठी-डंडों से हुआ हमला

शहर में लगातार बढ़ रही आवारा सूअरों की समस्या को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने इंदौर से एक पेशेवर टीम को ठेके के तहत तैनात किया था। टीम पुलिस बल के साथ श्रीधाम कॉलोनी और मंगल होम्स क्षेत्र में कार्रवाई कर रही थी।

इसी दौरान कुछ स्थानीय सूअर पालकों ने टीम के काम में बाधा डालते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते करीब 20 महिला-पुरुष लाठी, डंडे और पत्थर लेकर पहुंचे और कर्मचारियों पर धावा बोल दिया।

वाहन का ताला तोड़कर सूअर छुड़ाए, पथराव से गाड़ियां क्षतिग्रस्त

इंदौर से आए टीम सदस्य राहुल घावरें ने बताया कि वे सरकारी निर्देशानुसार कार्य कर रहे थे, लेकिन अचानक भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में राहुल सहित दो कर्मचारियों को चोटें आईं।

विवाद के दौरान कुछ महिलाओं ने हाथों में लाठियां लेकर जिस पिकअप वाहन में सूअर बंद थे, उसका ताला तोड़ दिया और सभी सूअरों को भगा दिया। वाहनों पर जमकर पथराव किया गया, जिससे गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हंगामे के चलते कॉलोनी में जाम की स्थिति बन गई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, शिकायत दर्ज

घटनास्थल पर पुलिस बल मौजूद था, लेकिन महिला पुलिस बल के समय पर न पहुंचने के कारण महिला हमलावर आसानी से वाहनों में तोड़फोड़ कर सूअरों को छुड़ाने में कामयाब रहीं। घटना के बाद पीड़ित टीम और नगर पालिका अधिकारियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि श्रीधाम कॉलोनी के पास नगर पालिका की टीम पर हमला और वाहनों में तोड़फोड़ की सूचना मिली है। नगर पालिका की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर हमलावरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Date & Time : 2026-08-20 07:22:33

Share:

Leave A Reviews

Related News