
हैदराबाद. सनराइजर्स हैदराबाद के नए तेज गेंदबाजी आक्रमण ने आईपीएल इतिहास में सनसनी मचा दी है. प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की जोड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया.
मैच के 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड्स और मोमेंट्स
प्रफुल्ल हिंगे का ऐतिहासिक स्पैल: विदर्भ के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने अपने डेब्यू ओवर में ही 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. आईपीएल के 19 साल के इतिहास में वह पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं जिन्होंने अपने पहले ही ओवर में तीन बल्लेबाजों (वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस) को चलता किया. उन्होंने कुल 4 विकेट झटके.
अभिषेक शर्मा का 'शर्मनाक' रिकॉर्ड: हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस साल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. वे साल 2026 में अब तक 7 बार डक पर आउट हो चुके हैं, जो कि एक कैलेंडर वर्ष में रोहित शर्मा (6) और संजू सैमसन (6) से भी ज्यादा है.
साकिब हुसैन का ड्रीम डेब्यू: बिहार के "गोपालगंज एक्सप्रेस" कहे जाने वाले साकिब हुसैन ने 24 रन देकर 4 विकेट लिए. यह आईपीएल डेब्यू में किसी भी गेंदबाज का संयुक्त रूप से चौथा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है.
मैदान पर बड़ी टक्कर: ईशान किशन का कैच लपकते समय राजस्थान के गेंदबाज संदीप शर्मा और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल आपस में टकरा गए. हालांकि, इस टक्कर के बावजूद संदीप ने कैच नहीं छोड़ा और ईशान किशन (91 रन) की तूफानी पारी का अंत किया.
फ्लडलाइट्स में खराबी: मैच के दौरान तकनीकी खराबी के कारण स्टेडियम की फ्लडलाइट्स बंद हो गईं, जिससे कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा.
Leave A Reviews