
तेहरान/वॉशिंगटन. मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को बड़ा रणनीतिक झटका देने का दावा किया है. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'मेहर' के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मध्य ईरान के हवाई क्षेत्र में अमेरिका के सबसे आधुनिक F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है. यह दो हफ्तों के भीतर दूसरा मौका है जब ईरान ने अमेरिकी पांचवीं पीढ़ी के विमान को निशाना बनाने का दावा किया है.
IRGC का वीडियो और एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम
IRGC ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें एक मिसाइल को हवा में विमान से टकराते हुए दिखाया गया है. ईरान का दावा है कि उनके 'एडवांस्ड एयरोस्पेस डिफेंस सिस्टम' ने सुबह 2:50 बजे इस अत्याधुनिक स्टेल्थ जेट को ट्रैक कर ध्वस्त कर दिया. ईरानी सूत्रों का कहना है कि विमान का पायलट गंभीर रूप से घायल है और उसके बचने की संभावना बेहद कम है.
अमेरिका का 'स्टेल्थ' वर्चस्व खतरे में?
F-35 लाइटनिंग II को दुनिया का सबसे उन्नत और 'अदृश्य' (Radar-evading) विमान माना जाता है. यदि ईरान के दावे सच साबित होते हैं, तो यह अमेरिकी सैन्य तकनीक और उसके हवाई वर्चस्व के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती होगी. हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
दो हफ्तों में दूसरी बड़ी घटना
इससे पहले भी ईरान ने एक F-35 को निशाना बनाने का दावा किया था, जिसे लेकर अमेरिकी प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा था कि विमान को तकनीकी खराबी के कारण 'इमरजेंसी लैंडिंग' करनी पड़ी थी. लेकिन ताजा घटनाक्रम ने इस संघर्ष को और अधिक हिंसक मोड़ दे दिया है.
Leave A Reviews