Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अवैध रेत खनन का खुलासा करने पर पत्रकार को जान से मारने की धमकी

बिजुरी थाने में हुई शिकायत, रेत माफिया पर सख्त कार्रवाई की मांग

बिजुरी. थानाक्षेत्र में चल रहे अवैध रेत खनन का खुलासा करना एक स्थानीय पत्रकार को भारी पड़ गया. रेत माफिया से जुड़े लोगों ने पत्रकार को न केवल रिपोर्टिंग बंद करने की धमकी दी, बल्कि जान से मारने की गंभीर चेतावनी भी दी है. मामले को लेकर पीड़ित पत्रकार ने बिजुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दैनिक पहली आवाज, अनूपपुर के जिला ब्यूरो मोहम्मद जौवाद हुसैन (पिता स्व. ताहिर हुसैन), निवासी वार्ड क्रमांक 11, बिजुरी, बीते दो दिनों से थानाक्षेत्र अंतर्गत डोंगरिया एवं केंवई नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन की रिपोर्टिंग एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे.

इसी दौरान रात्रि लगभग 11:17 बजे एवं पुनः 1:05 बजे रेत माफिया से जुड़े दो व्यक्तियों ने उन्हें धमकाया. आरोपियों की पहचान कान्हा श्रीवास्तव (निवासी डोंगरिया) एवं बंटी (निवासी बिजुरी) के रूप में की गई है. आरोप है कि दोनों ने पत्रकार को तत्काल वीडियो बनाना बंद करने को कहा और जान से मारने की धमकी दी.

पुलिस प्रयासों को चुनौती देता माफिया तंत्र-

ज्ञातव्य है कि बिजुरी पुलिस अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर उक्त माफियाओं द्वारा पूरी रात रेत चोरी का कारोबार खुलेआम संचालित किया जा रहा है. यह न केवल पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को सीधी चुनौती देता प्रतीत हो रहा है, बल्कि नियम-कानून की खुलेआम अवहेलना भी उजागर करता है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि माफिया तत्वों की बेखौफ गतिविधियां कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं.

भविष्य की अनहोनी की आशंका-

अपने आवेदन में पत्रकार ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि आरोपी रेत माफिया के सक्रिय सदस्य हैं और उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता के कारण उनसे किसी भी समय जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन को आगाह किया है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी दुर्घटना या क्षति होती है, तो इसके लिए उक्त आरोपी एवं संपूर्ण रेत माफिया समूह जिम्मेदार होंगे.

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग-

सोमवार 15 दिसंबर को बिजुरी थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में पत्रकार ने थाना प्रभारी से आग्रह किया है कि अवैध खनन और धमकी जैसे गंभीर अपराध को संज्ञान में लेते हुए, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए.

उन्होंने यह भी मांग की है कि जिले में पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए, ताकि वे बिना भय के जनहित से जुड़े मुद्दों को उजागर कर सकें.

Share:

Leave A Reviews

Related News