
कटनी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विलायत कला-स्लीमानाबाद मार्ग पर गुरुवार दोपहर को यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इसमें तीन महिलाओं और एक मासूम बच्ची सहित कुल 9 लोग घायल हो गए हैं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बिजौरी गांव के समीप हुई। ऑटो में सवार सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार हैं। ये सभी लोग ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मडवारी देवरी से बरछेका गांव में आयोजित एक दशगात्र (शोक) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो विलायत कला-स्लीमानाबाद रोड पर बिजौरी गांव के पास पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना का मुख्य कारण ऑटो की तेज गति थी। विलायत कला मार्ग पर ढलान और मोड़ के पास रफ्तार अधिक होने की वजह से चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण हटते ही तेज रफ्तार ऑटो लहराते हुए सड़क किनारे जाकर पलट गया। ऑटो पलटते ही भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े।
स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए निजी वाहनों की मदद से सभी 9 घायलों को तत्काल बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। इसके साथ ही बड़वारा थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार दिया गया है। गनीमत यह रही कि किसी को भी सिर में गंभीर चोट नहीं आई है, फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है।
इसमें घायल हुए लोग अलग-अलग ग्रामीण अंचलों के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है:
संगीता बाई कोल (उम्र 26 वर्ष)
सुरेंद्र चौधरी (उम्र 30 वर्ष)
दुआशिया बाई (उम्र 55 वर्ष)
अनसूइया (उम्र 18 वर्ष)
श्याम लाल कोल (उम्र 35 वर्ष)
हाकाली कोल (उम्र 55 वर्ष)
रामसुजान कोल (उम्र 58 वर्ष)
धनू कोल (उम्र 50 वर्ष)
मासूम बच्ची सोनिया
घटना की जानकारी मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस की टीम अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों और उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और वाहन चालक की लापरवाही को लेकर मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews