Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी के रीठी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 1 की मौके पर मौत, 4 लोग गंभीर घायल


कटनी जिले अंतर्गत रीठी थाना क्षेत्र के टहकारी गांव में मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बेटी के साथ इमलाज मंदिर दर्शन करने जा रहे थे मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिहुड़ी (बाकल) निवासी 44 वर्षीय सुरेश लोधी अपनी बेटी प्रिया को बाइक पर बैठाकर इमलाज माता मंदिर में दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे रीठी क्षेत्र के टहकारी मोड़ से आगे बढ़े, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण सुरेश लोधी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

चार लोग गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर

इस दर्दनाक हादसे में मृतक सुरेश की बेटी प्रिया के अलावा दूसरी बाइक पर सवार राजेश बर्मन, उनकी पत्नी विमला बर्मन और 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

सड़क पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने बहाल कराया यातायात

दुर्घटना के तुरंत बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को क्रेन व स्थानीय सहायता से सड़क किनारे हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर सुचारु यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Date & Time : 2026-10-13 13:34:03

Share:

Leave A Reviews

Related News