
कटनी जिले से निजी स्कूल वाहनों की आपराधिक लापरवाही और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह स्कूल जा रही एक वैन का गेट अचानक खुल जाने से दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय मासूम छात्र सड़क पर जा गिरा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अनियंत्रित वैन का पिछला पहिया सीधे मासूम के ऊपर चढ़ गया। इस भीषण हादसे में छात्र ने घटनास्थल पर ही गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण दम तोड़ दिया। घटना के बाद समूचे इलाके में सनसनी और गहरा आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव स्थानीय द्वारिका पब्लिक स्कूल में कक्षा दूसरी का छात्र था। रोजमर्रा की तरह बुधवार को भी वह स्कूल जाने के लिए निजी स्कूल वैन में सवार हुआ था। रास्ते में चलते समय सुरक्षा लॉक ठीक न होने के कारण वैन का दरवाजा अचानक खुल गया और जीत नीचे गिर गया। हादसे के बाद वैन चालक आनन-फानन में लहूलुहान बच्चे को विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचा, लेकिन बच्चे की हालत नाजुक देख वह उसे अस्पताल परिसर में ही लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत जीत को मृत घोषित कर दिया।
मासूम छात्र की दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित परिजन और स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में बिना फिटनेस और बिना सुरक्षा मानकों के खटारा स्कूल वैन बेधड़क दौड़ाई जा रही हैं। उन्होंने लापरवाह वाहन चालक की अविलंब गिरफ्तारी के साथ-साथ मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूल प्रबंधन और संचालक के खिलाफ भी गैर-इरादतन हत्या का आपराधिक मामला दर्ज करने की पुरजोर मांग की।
घटना और चक्काजाम की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो सका। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्र जीत यादव की मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए द्वारिका पब्लिक स्कूल की वैन को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और स्कूल वाहन के दस्तावेजों व सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews