Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कोलकाता: काली पूजा से पहले 110 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद, एक युवक गिरफ्तार


कोलकाता, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। काली पूजा से पहले कोलकाता पुलिस ने उत्तर कोलकाता में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 110 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

कोलकाता, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। काली पूजा से पहले कोलकाता पुलिस ने उत्तर कोलकाता में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 110 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर बड़ाबाजार थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के 1 एनएस रोड स्थित एक परित्यक्त (खाली) भवन पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां से अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद तौफीक (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बिना लाइसेंस और अनुमति के पटाखे रखने के आरोप में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

कोलकाता पुलिस के जासूसी विभाग (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) के अतिरिक्त आयुक्त कुणाल अग्रवाल ने कहा कि शहर में अवैध पटाखों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, उप-निरीक्षक उत्तम कुमार हलदार के नेतृत्व में एक टीम रात करीब 1:45 बजे एनएस रोड इलाके में गश्त और तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने परित्यक्त भवन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को चार बड़े गत्ते के डिब्बों में पैक करीब 110 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे मिले। पूरा माल जब्त कर लिया गया और तौफीक को मौके से गिरफ्तार कर बड़ाबाजार थाने ले जाया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन पटाखों को बिना किसी सरकारी लाइसेंस या अनुमति के भवन में रखा गया था। पुलिस का कहना है कि घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों वाले इलाके में इतने बड़े पैमाने पर पटाखों का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जब्त किए गए पटाखे कहां से लाए गए थे और इनके भंडारण व वितरण में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह खेप शहर में सक्रिय किसी बड़े अवैध पटाखा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी तो नहीं है।

काली पूजा के नजदीक आने के साथ कोलकाता पुलिस ने संकेत दिए हैं कि प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए शहरभर में जांच और छापेमारी अभियान और तेज किए जाएंगे, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी सुरक्षा खतरे को रोका जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-10-29 18:00:03

Share:

Leave A Reviews

Related News