Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कूनो नेशनल पार्क में घायल मिले चीते ने जबलपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पेट में धंसे थे 4 छर्रे


श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण और 'प्रोजेक्ट चीता' को लेकर अत्यंत चिंताजनक और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। पार्क में स्वच्छंद विचरण कर रही मादा चीता 'निर्वा' के 19 महीने के नर शावक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। प्रसिद्ध पर्यावरण एवं आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शावक के पेट में गोली के छर्रे लगे हुए थे और गंभीर आंतरिक संक्रमण व घावों के चलते उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, मौत के सटीक चिकित्सकीय कारणों और परिस्थितियों को लेकर वन विभाग की विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घायल पाए जाने के बाद शावक को तत्काल कूनो नेशनल पार्क के आंतरिक चिकित्सा केंद्र में लाया गया था, जहां विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका सघन उपचार चल रहा था। पूर्व में उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जबलपुर वेटरनरी कॉलेज भेजे जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन स्थिति अत्यधिक गंभीर होने के कारण कूनो के स्वास्थ्य केंद्र में ही उसका इलाज जारी रखा गया था। इलाज के तमाम प्रयासों के बावजूद शावक को बचाया नहीं जा सका।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, एक्टिविस्ट ने की तत्काल CBI जांच की मांग

चीता शावक के शरीर में गोली के छर्रे पाए जाने और उसकी मौत के बाद प्रोजेक्ट चीता की जमीनी सुरक्षा और मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की पुरजोर मांग उठाई है। उन्होंने दो-टूक कहा कि उन्हें कूनो फील्ड डायरेक्टर या नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) द्वारा बनाई जाने वाली किसी एसआईटी (SIT) पर भरोसा नहीं है, क्योंकि यह केवल लीपापोती साबित होगी।

अजय दुबे ने आरोप लगाया कि श्योपुर, मुरैना और शिवपुरी के सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्ष 2025 से ही अवैध शिकार से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं और वर्ष 2026 में भी इन प्रकरणों में गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि वह लंबे समय से मध्य प्रदेश सरकार और वन विभाग को इस संवेदनशील बेल्ट में सक्रिय शिकारियों के नेटवर्क को लेकर आगाह कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने समय रहते कोई ठोस सुरक्षा कदम नहीं उठाया।

फील्ड डायरेक्टर और डीएफओ को तत्काल हटाने की मांग, प्रबंधन बोला- प्रेस नोट जारी करेंगे

शिकार की इस गंभीर विफलता को लेकर अजय दुबे ने कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर एवं डीएफओ आर. थिरुकुरल और संबंधित एसडीओ अमृतियांशु को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के बजट और हाई-टेक सेटेलाइट रेडियो कॉलर ट्रैकिंग के बावजूद अगर संरक्षित चीता शावक को शिकारी गोली मार रहे हैं, तो इसके लिए शीर्ष प्रबंधन की सीधी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

वहीं इस पूरे विवाद और आरोपों पर कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा का कहना है कि विभाग पूरे मामले का संज्ञान ले रहा है और घटना के वास्तविक तथ्यों व शावक की स्थिति को लेकर जल्द ही आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर संपूर्ण जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Date & Time : 2026-10-27 12:25:08

Share:

Leave A Reviews

Related News