
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के खांचारी पट्टी गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 12 वर्षीय घनश्याम के रूप में हुई है। वह अपने 14 वर्षीय भाई जसवेंद्र और 12 वर्षीय दोस्त विवेक पाल के साथ खेत में फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान पास के महुआ के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीनों बच्चे आ गए।
घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद घनश्याम को मृत घोषित कर दिया, जबकि जसवेंद्र और विवेक का इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, घनश्याम अपने नाना के पास रहता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी नाना पर ही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
नोहटा थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Leave A Reviews