
शिवपुरी जिले में लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पोहरी के प्रभारी राजस्व निरीक्षक (आरआई) देवेंद्र जैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित उनके निवास पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पोहरी तहसील के मचकला गांव निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन के नक्शे में गड़बड़ी को सुधारने के लिए आरआई देवेंद्र जैन ने 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
किसान ने 24 मार्च को आरोपी की बातचीत रिकॉर्ड कर लोकायुक्त टीम को सौंपी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। शुक्रवार को किसान 2 हजार रुपये लेकर आरोपी के घर पहुंचा, जहां जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
Leave A Reviews