
छिंदवाड़ा. सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स बटोरने का क्रेज इन दिनों युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, जो कई बार जानलेवा साबित होता है. ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा एक 25 वर्षीय युवक अपनी बाइक समेत पातालकोट की गहरी खाई में जा गिरा. इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
चिमटीपुर व्यू प्वाइंट के पास हुआ हादसा
तामिया थाना प्रभारी आशीष जैतवार से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पातालकोट इलाके के सिथोली गांव के रहने वाले 25 वर्षीय सूर्यभान खमरिया के साथ घटी. सूर्यभान तामिया के चिमटीपुर स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस के व्यू प्वाइंट के पास अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते वह पातालकोट की पहाड़ियों के छोर से फिसलकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी जान चली गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया.
ग्रामीणों ने की तलाश, स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय पत्रकारों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय आसपास कुछ ग्रामीण अपने मवेशी चरा रहे थे. उन्होंने अपनी आंखों से युवक को बाइक सहित खाई में गिरते हुए देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अन्य लोगों को दी और खुद ही अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी थी. जब ग्रामीण खाई के नीचे पहुंचे, तब तक सूर्यभान की मौत हो चुकी थी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और क्षेत्रवासियों ने पर्यटन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. तामिया के वरिष्ठ पत्रकारों का कहना है कि पातालकोट और तामिया क्षेत्र को पर्यटन के रूप में तेजी से विकसित किया जा रहा है, जहां की प्राकृतिक खूबसूरती देश-विदेश के सैलानियों को अपनी ओर खींचती है. हालांकि, विडंबना यह है कि यहां प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं. न तो यहां सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और न ही किसी प्रकार की गश्त की व्यवस्था है. हर रोज सैकड़ों पर्यटक यहां पहुंचते हैं, जो अक्सर नियमों को ताक पर रखकर खतरनाक स्टंट करते हैं और ऐसे हादसे का शिकार बनते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का गम न झेलना पड़े.
Leave A Reviews