
छिंदवाड़ा. जिले के देहात थाना क्षेत्र के पोआमा इलाके से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां शनिवार शाम एक नर्सरी के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या किए जाने की गहरी आशंका जताई जा रही है.
24 घंटे पुराना बताया जा रहा है शव
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका का शव मिलने के समय उसके चेहरे और हाथ-पैरों पर चीटियां लगी हुई थीं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत करीब 24 घंटे पहले हो चुकी थी. स्थानीय लोगों ने नर्सरी के भीतर शव देखे जाने के बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
पुलिस ने मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की असली वजह और समय का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा.
पहचान जुटाने में जुटी पुलिस, गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल
घटना के कई घंटे बीत जाने और देर रात तक भी मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है. महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अब आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. पुलिस का मानना है कि मृतका की पहचान होते ही इस गुत्थी को सुलझाने और पूरी घटना से पर्दा उठाने में मदद मिलेगी.
देहात थाना निरीक्षक जीएस राजपूत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय नागरिकों की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं. फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए तमाम संभावित पहलुओं और हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
Leave A Reviews