
दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है. जबेरा थाना क्षेत्र के तावरी गांव में मंगलवार रात दो ममेरी-फुफेरी बहनों के शव घर के ठीक पास स्थित एक गहरी खंती (पानी के गड्ढे) में मिलने से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. दोनों बच्चियां मंगलवार शाम करीब 5 बजे से अचानक लापता हो गई थीं. परिजनों और पुलिस की मशक्कत के बाद रात करीब 10 बजे खंती से दोनों के शव बरामद किए गए.
उत्तर प्रदेश से मामा के घर आई थी 6 साल की काव्या
मृतक बच्चियों की पहचान तावरी निवासी मानसी (11) पिता संतोष सिंह और काव्या (6) पिता पप्पू सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, 6 वर्षीय काव्या मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली थी और हाल ही में रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने मामा विनोद सिंह के घर तावरी आई हुई थी.
मामा विनोद सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे मानसी और काव्या घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हो गईं. काफी देर तक जब वे नहीं लौटीं, तो परिजनों ने गांव और आसपास के खेतों में उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद घटना की सूचना जबेरा पुलिस को दी गई.
खंती के किनारे चप्पलें देख गहराया शक, पानी से निकाले गए शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चियों की सघन तलाश शुरू की गई. रात करीब 10 बजे घर के पास ही खेत में बनी एक गहरी खंती के किनारे बच्चियों की चप्पलें दिखाई दीं. जब टॉर्च की रोशनी में पानी के अंदर देखा गया, तो दोनों बच्चियों के शव पानी में तैरते हुए मिले.
घटना के बाद तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया और जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया. बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को रोते-बिलखते परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
तेंदूखेड़ा एसडीओपी (SDOP) अर्चना अहीर ने बताया कि दो मासूम बच्चियों के लापता होने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. खोजबीन के दौरान घर के सामने स्थित खंती में पानी से दोनों के शव बरामद हुए हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश या संदेह की आशंका नहीं जताई है. पुलिस हादसा और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.
Leave A Reviews