
जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के राइट टाउन स्थित टेलीकॉम फैक्ट्री परिसर में बुधवार को एक बड़ा और भीषण हादसा हो गया. परिसर में स्थित एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे उसके सहारे टिका भारी शेड नीचे आ गिरा. इस हादसे के वक्त नीचे काम कर रहे दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मजदूरों के साथियों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
गेट पर जड़ा ताला, अंदर जाने पर लगाई रोक
हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रशासन ने मामले को दबाने की नीयत से परिसर के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति, मीडियाकर्मियों या परिजनों के भीतर जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल जांच जारी रहने का हवाला देते हुए हादसे की वजहों पर सीधे कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.
सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल
हादसे की असल वजह और दोनों कामगारों की मौत की परिस्थितियों की सटीक जानकारी अब तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों और साथी श्रमिकों का आरोप है कि फैक्ट्री परिसर में कार्यस्थल पर सुरक्षा के जरूरी मानकों और उपायों की अनदेखी की जा रही थी. जर्जर ढांचे की मरम्मत कराए बिना मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ.
पुलिस जांच और पंचनामा कार्रवाई जारी
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों मृतकों के शवों को मलबे से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया है और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मौके का मुआयना करने और चश्मदीदों के बयान दर्ज होने के बाद ही हादसे के असल कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Leave A Reviews