
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक दर्दनाक रेल हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि उनका 16 वर्षीय दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की सिंगल बस्ती के पास तीसरी नई रेलवे लाइन पर हुआ। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों दोस्त रात में खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे सिंगल बस्ती के पास रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। तभी वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में तीनों आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि 18 वर्षीय आदित्य और 20 वर्षीय देव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान उत्तमपुरा की गनपत गली निवासी 18 वर्षीय आदित्य उर्फ छोटू पारा और 20 वर्षीय देव पहाड़िया के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर की पहचान 16 वर्षीय अमन उर्फ खोया रामपुरे के रूप में हुई है। वह भी उत्तमपुरा का निवासी है।
घटना की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। मंगलवार को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला के अनुसार, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तीनों युवक रेलवे ट्रैक पर किस परिस्थिति में बैठे थे और हादसा कैसे हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस ट्रैक पर अक्सर कुछ लोग नशा करने के लिए बैठते हैं। हालांकि, हादसे के समय युवकों के वहां मौजूद होने की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Leave A Reviews