
मैहर। जिले रामनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत गंजास ने गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जनपद पंचायत रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत गंजास को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही गंजास जिले की पहली ISO 9001:2015 प्रमाणित ग्राम पंचायत बन गई है।
अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन द्वारा जारी यह प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत में कार्यालयीन व्यवस्थाओं के बेहतर रख-रखाव, कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, स्वच्छता, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं स्वास्थ संबंधी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदान किया गया है।
प्रमाणन प्रक्रिया के अंतर्गत पंचायत की कार्यप्रणाली और सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। जन विश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती उषा बिन्नू पटेल को सम्मानित किया था। इस अवसर पर ISO सलाहकार श्री भूपेंद्र द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ISO प्रमाणन दिलाने में जिला पंचायत सीईओ श्री शैलेंद्र सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती भारती दीक्षित, सरपंच श्रीमती उषा बिन्नू पटेल, सचिव श्री अशोक मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
Leave A Reviews