
रायसेन जिले के गैरतगंज क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भोपाल-सागर मुख्य मार्ग स्थित गणेश घाटी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 26 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 12 से अधिक गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भिलाड़िया के ग्रामीण गैरतगंज तहसील के प्रसिद्ध सिद्ध क्षेत्र पठरिया धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की पूर्णाहुति में शामिल होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे गढ़ी और मुदियाखेड़ा के बीच स्थित गणेश घाटी पर घुमावदार रास्ते और ढलान के दौरान ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और राजस्व अमला घटनास्थल पर पहुंच गया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक सवारियां तो नहीं बैठी थीं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
Leave A Reviews